छत्तीसगढ़

मातृत्व की राह में सरकार बनी सहारा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से वर्षा पुरी को मिला आर्थिक संबल..

रायपुर / मातृत्व का समय एक महिला के जीवन का बेहद महत्वपूर्ण दौर होता है। इस दौरान बेहतर पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और नवजात शिशु की आवश्यकताओं के लिए परिवार को अतिरिक्त आर्थिक संसाधनों की जरूरत होती है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जरूरतमंद गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि महिलाओं को गर्भावस्था और प्रसव के बाद स्वयं तथा नवजात शिशु की देखभाल और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रही है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम आमाडांड की निवासी श्रीमती वर्षा पुरी के लिए भी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मददगार साबित हुई है। योजना से मिली आर्थिक सहायता ने बच्चे के जन्म के बाद उसकी आवश्यकताओं को पूरा करने में उनका साथ दिया और परिवार पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को भी कम किया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने दिखाई योजना तक पहुंचने की राह

वर्षा पुरी ने बताया कि गर्भवती होने के दौरान उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उन्हें योजना के उद्देश्य, मिलने वाले लाभ और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में समझाया। आवश्यक जानकारी मिलने के बाद उन्होंने योजना के लिए आवेदन किया।

आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रसव के कुछ महीनों के भीतर सहायता राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। समय पर मिली इस आर्थिक सहायता ने बच्चे के पालन-पोषण और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में परिवार को सहारा दिया।

बच्चे की जरूरतें पूरी करने में मिली बड़ी मदद

वर्षा पुरी ने बताया कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने अपने बच्चे के भरण-पोषण और उसकी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया। आर्थिक सहायता मिलने से बच्चे की देखभाल में काफी सहूलियत हुई और परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव भी कम हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और उनके बच्चों के लिए बेहद उपयोगी हैं। जरूरत के समय मिलने वाली आर्थिक सहायता से माताओं को स्वयं और अपने बच्चे की बेहतर देखभाल करने में मदद मिलती है।

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार

योजना का लाभ मिलने से प्रसन्न  वर्षा पुरी ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के लिए चलाई जा रही ऐसी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को प्रत्यक्ष सहायता मिल रही है।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण को प्रोत्साहित करने के साथ पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के माध्यम से महिलाओं तक योजना की जानकारी पहुंचने से पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ लेने में भी सुविधा हो रही है। आमाडांड की वर्षा पुरी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सही समय पर मिली योजना की जानकारी और आर्थिक सहायता किस तरह मातृत्व के महत्वपूर्ण दौर में एक परिवार के लिए उपयोगी सहारा बन सकती है।

Leave a Reply

Back to top button