छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, संजू देवी को 51 लाख का चेक..

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का सम्मान किया। समारोह में एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक भी उन्हें सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11 लाख 12 हजार रुपए प्रत्येक का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में उनके परिवारों के योगदान को देखते हुए उनके परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

21 अक्टूबर से होगी पुरुष हॉकी लीग

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह की हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है और इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी।

बहतराई में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने इसी केंद्र में प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की क्षमता विकसित होती है। खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और अपने प्रदर्शन में सुधार करते रहने की सलाह दी।

विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना भी बताई गई।

कार्यक्रम में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button