छत्तीसगढ़

धमतरी में नशामुक्ति की शपथ, मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं से किया जागरूकता का आह्वान..

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान और अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी के मोनो नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियां भी प्रभावित होती हैं। नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नशामुक्ति अभियान से जुड़कर जनजागरूकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

सामूहिक प्रयास से नशामुक्ति का संकल्प

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वृद्धजनों और युवाओं ने नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे से बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्ति केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) और इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से नशामुक्त भारत, विकसित भारत-2047 और समाज सेवा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

प्राचार्य के मार्गदर्शन तथा व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी के लेखन और निर्देशन में तैयार नाट्य प्रस्तुति में कलाकारों ने बताया कि युवाओं की ऊर्जा को नशे से दूर रखकर शिक्षा, कौशल और राष्ट्रसेवा से जोड़ा जाए तो देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

कार्यक्रम में सहकारी बैंक के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button