बीजापुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ तालाब परिसर की सफाई में सहभागिता की।
स्वच्छता अभियान के दौरान महादेव तालाब में फैली जलकुंभी और कचरे की सफाई की गई। इस दौरान वन मंत्री ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर परिवेश बनाने के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से किया गया छोटा प्रयास भी स्वच्छता अभियान को व्यापक जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को सम्मानित किया गया। वन मंत्री ने उन्हें प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इसके अलावा नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट और पीपीई किट भी प्रदान किए गए। वन मंत्री ने स्वच्छता कार्य से जुड़े लोगों को इसी तरह निरंतर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



