राजिम। गरियाबंद जिले के राजिम में पैरी नदी के एनीकट में दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव अलग-अलग स्थानों पर नदी के बीच फंसे मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, एक शव पैरी नदी के नवागांव एनीकट में मिला, जबकि दूसरा शव वार्ड क्रमांक-1 माणिकांचन के पास फंसा हुआ था। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों शव बाढ़ के पानी के साथ बहकर यहां पहुंचे होंगे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही दोनों शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



