छत्तीसगढ़

₹30 करोड़ की लागत से सड़क, घाट, ऑक्सीजोन, पाथवे एवं यातायात सुविधाओं का होगा विकास..

भूमि पूजन आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी के द्वारा विधिवत संपन्न

रायगढ़। शहर के विकास और केलो नदी क्षेत्र के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत लगभग ₹30 करोड़ की लागत से केलो नदी के पुनरुद्धार एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी जी के द्वारा विधिवत संपन्न हुआ।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा डिपॉजिट (निक्षेप) कार्य के अंतर्गत इस परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। परियोजना के माध्यम से केलो नदी क्षेत्र में बेहतर अधोसंरचना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार, नागरिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद नदी तट एवं आसपास का क्षेत्र नागरिकों के लिए अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक स्वरूप में विकसित होगा।

परियोजना के अंतर्गत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक लगभग 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण, पैदल चलने वालों के लिए पाथवे (फुटपाथ) तथा आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

इसी क्रम में पचरी घाट का जीर्णोद्धार एवं विकास किया जाएगा। घाट को मुख्य पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण होगा तथा घाट परिसर को बेहतर एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

शनि मंदिर तिराहे का भी सुधार एवं विस्तार किया जाएगा। तिराहे को चौड़ा करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए आवश्यक विकास कार्य किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी तथा तिराहे का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।

परियोजना का एक प्रमुख आकर्षण खर्राघाट में लगभग 8.50 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला ऑक्सीजोन (ग्रीन पार्क) होगा। यहां व्यवस्थित पार्किंग, पैदल भ्रमण के लिए पाथवे, व्यापक वृक्षारोपण, घाट का विकास तथा नागरिकों के लिए ओपन जिम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह ऑक्सीजोन क्षेत्र में हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव का एक नया सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा ।

ऑक्सीजोन एवं घाट क्षेत्र के बीच नागरिकों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास (बॉक्स कल्वर्ट) का निर्माण किया जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ पैदल आवागमन को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की महत्वपूर्ण पहचान है। इसके पुनरुद्धार एवं विकास से नदी क्षेत्र के संरक्षण के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुव्यवस्थित नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केलो नदी क्षेत्र का समग्र विकास रायगढ़ के पर्यावरणीय एवं शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के तहत विकसित होने वाले हरित क्षेत्र, पाथवे, घाट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से क्षेत्र को नया स्वरूप मिलेगा।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा डिपॉजिट (निक्षेप) कार्य के रूप में इस परियोजना का क्रियान्वयन संबंधित विभागों के समन्वय एवं निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप किया जाएगा। परियोजना के माध्यम से केलो नदी क्षेत्र में अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार और पर्यावरणीय विकास सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अपर आयुक्त अजीत सिंह पटेल, उपायुक्त एस. के. शर्मा सहित संभाग रायगढ़ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button