कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे में तीन मासूम सहेलियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु और 8 वर्षीय राखी व साधना के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियां उस दिन स्कूल नहीं गई थीं। दोपहर के समय वे तालाब में नहाने चली गईं। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की।
इसी दौरान एक बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद बाकी दोनों बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए।
प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।



