छत्तीसगढ़

शिक्षक की हत्या से मचा हड़कंप, महानदी किनारे खून से सना शव मिलने से सनसनी..

रायपुर/आरंग। राजधानी रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या का मामला सामने आया है। महानदी के तट पर बनचरौदा के पास शिक्षक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान डंगनिया (चंपारण) निवासी **शिवकुमार चंद्राकर** के रूप में हुई है, जो शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, शिवकुमार चंद्राकर का शव महानदी तट के पास मिला। प्रारंभिक जानकारी में उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी बरामद हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

मामले की जांच के लिए रायपुर से **डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम** को भी बुलाया गया है। टीमों द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के वास्तविक कारण और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Back to top button