कोरबा। जिले के जेंजरा क्षेत्र में मंगलवार को एक नवप्रसूता की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। छुरीकला निवासी कविता केंवट का शव जेंजरा मेन रोड के पास एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, कविता को 10 सितंबर को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते बच्चे को अस्पताल के SNCU/ICU में रखा गया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात किसी बात को लेकर कविता अपने परिजनों से नाराज हो गई और अस्पताल से बाहर निकल गई। उसके अस्पताल से जाने के बाद परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे जेंजरा मेन रोड के पास ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सरपंच को दी, जिसके बाद कटघोरा पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



