रायपुर। राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर आग के हवाले किए जाने के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। घटना में महिला करीब 65 से 70 फीसदी झुलस गई थी। गंभीर हालत में उसे मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे राहगीरों और ग्रामीणों ने एक महिला को झुलसी हालत में देखा। महिला मदद के लिए चीखते हुए सड़क पर दौड़ रही थी। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया।
मृतका की पहचान राजकुमारी साहू (35) निवासी आरंग-समोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी और बोरियाकला क्षेत्र में रहकर घरेलू काम करती थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, राजकुमारी और वीरू के बीच पहले से प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वीरू ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी कथित तौर पर पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था और दोनों के बीच विवाद के बाद महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा के अनुसार, मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि वर्ष 2021 में आरोपी पर आरंग के मोखला गांव में राजकुमारी की सास पर टंगिये से हमला करने का आरोप लगा था। पुलिस इस पुराने मामले की कड़ी को भी वर्तमान घटना से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।



