गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में पति-पत्नी की फांसी पर लटकी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने करीब एक साल पहले ही लव मैरिज की थी।
जानकारी के मुताबिक, मिलाप ध्रुव और उसकी पत्नी मंजुला ध्रुव साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि मिलाप ने किसी बात से आहत होकर पहले जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद बीती रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के बाद पत्नी ने भी कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल दोनों के आत्मघाती कदम उठाने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पति-पत्नी के बीच किसी तरह के विवाद या अनबन थी या घटना के पीछे कोई अन्य कारण, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



