कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूसरी कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची स्कूल जाने के लिए निकली थी और इसी दौरान उसी स्कूल की बस की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, धनपुर बस्ती निवासी प्रिंसि सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूल जाने के लिए बस में बैठने निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग बच्ची को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल बस स्कूल संस्था की ही बस थी। सूचना मिलने पर सोनहत पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



