छत्तीसगढ़

रायपुर में देर रात टला बड़ा हादसा, सदर बाजार में जर्जर इमारत का हिस्सा गिरा..

रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक जर्जर इमारत का हिस्सा अचानक गिरने से हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास का क्षेत्र खाली कराया।

जानकारी के मुताबिक, जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है और इसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है। इमारत का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। देर रात घटना होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।

नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के अनुसार, संबंधित भवन पहले से ही काफी जर्जर हालत में था और भवन मालिक को निगम की ओर से नोटिस भी जारी किया जा चुका था।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जर्जर भवन के आसपास तेज आवाज में DJ या साउंड सिस्टम न बजाएं। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाल ही में प्रदेश में जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर उन्हें हटाने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए थे।

Leave a Reply

Back to top button