रायपुर। देशभर में बैंक अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते कई जगह बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं। रायपुर में मोतीबाग चौक स्थित PNB परिसर में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। वहीं जगदलपुर में भी बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांग 5-डे बैंकिंग लागू करना है। कर्मचारियों का कहना है कि बैंकिंग सेक्टर में भी सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था लागू होनी चाहिए। इसके अलावा PLI यानी Performance Linked Incentive में समानता की मांग भी की जा रही है।
कर्मचारियों के मुताबिक 5-डे बैंकिंग लागू होने से कर्मचारियों को बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिल सकेगा। हड़ताल में सरकारी और निजी क्षेत्र के करीब 28 बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होने का दावा किया गया है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों से ATM, UPI और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने की अपील की है।



