कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बांगो थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक सवार एक परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची के माता-पिता और उसका एक साल का छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक तनेरा गांव निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता, तीन वर्षीय बेटी स्नेहा और एक वर्षीय बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से रावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि हाइड्रा चालक बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में परिवार के चारों सदस्य सड़क पर गिर गए और तीन वर्षीय स्नेहा हाइड्रा के पहिए की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में राम कुमार पोर्ते, उनकी पत्नी प्रेम लता और एक वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर डायल-112 और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाइड्रा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं घटना से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।



