सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। लटोरी चौकी क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित कोटबहरा जंगल में एक युवक और युवती के शव पेड़ पर मिले। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में दोनों के शव देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।



