छत्तीसगढ़

CG News: छोटे भाई के साथ खेलते समय 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते समय गमछे में गला फंसने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान रोमा राज (10 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बालको के सतनाम नगर में रहती थी। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी।

परिजनों ने बताया कि खेल-खेल में रोमा ने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। वह पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए ऐसा मजाक किया करती थी, लेकिन इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया। इससे उसका दम घुटने लगा।

परिजनों ने जब तक बच्ची को देखा और उसे बचाने की कोशिश की, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Back to top button