छत्तीसगढ़

CG Teacher News: DPI का अजब आदेश, बिलासपुर के अफसर को अंबिकापुर और अंबिकापुर के अफसर को बिलासपुर का प्रभार..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के दो आदेशों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक पद का अतिरिक्त प्रभार दूसरे संभाग में पदस्थ अधिकारियों को सौंपा है।

बिलासपुर के तत्कालीन प्रभारी संयुक्त संचालक रामायण प्रसाद आदित्य के 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद DPI ने सरगुजा-अंबिकापुर के प्रभारी उप संचालक अश्वनी कुमार भारद्वाज को बिलासपुर संभागीय संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया।

वहीं, सरगुजा-अंबिकापुर के प्रभारी संयुक्त संचालक संजय गुप्ता के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने के बाद बिलासपुर कार्यालय के प्रभारी उप संचालक राजेश सिंह को सरगुजा संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया।

275 किमी दूर से संभालेंगे जिम्मेदारी

दोनों संभागों के बीच करीब 275 किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में अधिकारियों को एक संभाग से दूसरे संभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दिए जाने से कार्यालयीन कामकाज, फाइलों के निपटारे और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

बिलासपुर में वरिष्ठ अधिकारी होने के बावजूद अतिरिक्त प्रभार

बताया गया है कि बिलासपुर जेडी कार्यालय में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं, इसके बावजूद सरगुजा में पदस्थ अश्वनी कुमार भारद्वाज को बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। इसी तरह बिलासपुर में पदस्थ राजेश सिंह को सरगुजा संभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

दोनों अधिकारियों को मिला आहरण एवं संवितरण अधिकार

DPI के आदेश के मुताबिक दोनों अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से अतिरिक्त प्रभार सौंपने के साथ आहरण एवं संवितरण अधिकार (DDO) भी प्रदान किए गए हैं।

इन आदेशों के बाद स्कूल शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि दोनों संभागों में नियमित संयुक्त संचालक की नियुक्ति कब तक होती है।

Leave a Reply

Back to top button