बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग को धमकाकर लाखों रुपये और सोने-चांदी के जेवरात वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आयुष यादव समेत चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने नाबालिग को डरा-धमकाकर करीब 14.50 लाख रुपये नकद और लगभग 450 ग्राम सोने के जेवरात हड़प लिए।
पुलिस के अनुसार, एक बुजुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पोती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर एटीएम, फोन-पे और अन्य माध्यमों से बड़ी रकम वसूल ली गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने घर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के जेवरात भी डराकर अपने कब्जे में ले लिए।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने परिवार की छोटी पोती को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक अचानक बड़ी मात्रा में पैसे खर्च कर रहे हैं। इसी आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी आयुष यादव (22) के साथ आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडे (19) को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी आयुष यादव के पिता पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा इससे पहले उन्होंने कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।



