बिलासपुर। के कोटा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक किसान युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ग्राम खुरदुर निवासी सिदेशी उर्फ बोधन बघेल (42) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बोधन बुधवार शाम घर से टहलने निकला था। इसी दौरान अंकुश रजक और निखिल यादव ने उससे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ने डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बोधन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों अंकुश रजक और निखिल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।



