रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव उत्तर प्रदेश के ललितपुर के पास हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी इनोवा कार झांसी हाईवे पर खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में किरण सिंहदेव और वाहन चालक घायल हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे सुरक्षित हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद किरण सिंहदेव और चालक को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि किरण सिंहदेव परिवार के साथ बाबा बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
करीबी सूत्रों के अनुसार किरण सिंहदेव की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।



