रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग के बाद इमरजेंसी वार्ड में धुआं भर गया, जिससे मरीजों और अस्पताल स्टाफ में हड़कंप की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल सतर्कता बरती और इमरजेंसी वार्ड में मौजूद मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान अस्पताल में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल रहा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। दमकल कर्मी आग बुझाने के साथ ही स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आग से कितना नुकसान हुआ है और घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी है या नहीं, इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। दमकल और अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



