सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग चोरी होने से हड़कंप मच गया। वारदात हाईस्कूल के पास स्थित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के बाहर हुई।
जानकारी के अनुसार, ज्वैलर्स संचालक अरुण देव सोनी रोज की तरह जेवरों से भरा बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। उन्होंने स्कूटी के पास बैग रखा और दुकान का शटर खोलने लगे। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और मौका पाकर जेवरों से भरा बैग उठाकर फरार हो गए।
बैग में करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण होने का दावा किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज में नजर आए संदिग्ध
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि फुटेज में दो संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
व्यापारियों में आक्रोश, 48 घंटे का अल्टीमेटम
घटना के बाद सर्राफा व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पुलिस के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।



