छत्तीसगढ़

बिलासपुर में करोड़ों की चोरी: कारोबारी के सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी रजनीश सेठ अपनी पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया और घर में घुसकर नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती रत्न समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि चोरों ने AC को हटाकर घर में प्रवेश किया और इसके बाद एक-एक कमरे की तलाशी लेकर चोरी की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये होने की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन मकान मालिक दंपत्ति के लौटने के बाद ही हो सकेगा।

सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद कारोबारी के एक मित्र ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है।

पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button