सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में कोयला खदान सर्वे और भूमि अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। मदननगर-धरमपुर गांव में पुलिस टीम पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी, इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
हिंसक झड़प में DSP, महिला पुलिसकर्मी समेत 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस दौरान पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 5 जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
फिलहाल इलाके में करीब 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। ग्रामीण भूमि अधिग्रहण का विरोध करते हुए हाईवे पर धरने पर बैठे हैं और उनका कहना है कि वे किसी भी हालत में जमीन नहीं देंगे।
वहीं, ग्रामीण सरपंच पुत्र की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल लगातार तैनात है और मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।



