छत्तीसगढ़

ऑपरेशन शंखनाद में बड़ी कार्रवाई, 37 गौवंश और 7 भैंस तस्करों के कब्जे से मुक्त..

जशपुर। जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी है। अभियान के तहत पुलिस ने तपकरा थाना और मनोरा चौकी क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 37 गौवंश और 7 भैंसों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया।

तपकरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सड़वा जंगल के रास्ते घेराबंदी कर 28 गौवंशों को अवैध रूप से ले जाते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपियों के पास पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वहीं, मनोरा चौकी क्षेत्र के इंदा घाट जंगल में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 गौवंश और 7 भैंसों को मुक्त कराया। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही पुलिस का मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशुओं की अवैध तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button