जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को रायपुर से हिरासत में लेने के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाकर उनसे और अन्य लोगों से चेक व आरटीजीएस के माध्यम से कुल 2,04,97,502 रुपये अपने खातों में जमा कराए।
आरोपियों ने निवेशकों को केवल 39,99,400 रुपये वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने में लगातार टालमटोल करते रहे। बाद में रकम वापस नहीं करने पर पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरार हो गए थे। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चांपा पुलिस ने नया रायपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में अन्य पहलुओं और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है।



