रायपुर। राजधानी में भाजपा द्वारा कांग्रेस भवन घेराव के लिए निकाली गई विरोध रैली के दौरान कानून-व्यवस्था संभालने में तैनात 16 पुलिस जवान घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पीछे से चढ़कर नारेबाजी की और पुलिस बल की ओर पत्थर व बोतलें फेंकीं।
घटना में एक महिला आरक्षक समेत दो पुलिस जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, प्रशिक्षु उप निरीक्षक (PSI) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से चोट आई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और अश्रु गैस का इस्तेमाल किया।
घायल जवानों की जानकारी मिलते ही रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे और जवानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेते हुए घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक, कुछ जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल जवानों का इलाज जारी है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।



