छत्तीसगढ़

बालोद में भीषण सड़क दुर्घटना, 21 साल की छात्रा की मौत; 5 अस्पताल में भर्ती..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में कार सवार 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के हिन्दू होटल के पास हुआ। मृतका की पहचान शारदा पाटिल (21) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई थी।

जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में शारदा पाटिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, कार में सवार 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दल्लीराजहरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button