धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार सुबह एक चावल कारोबारी की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी में नारी पुल के पास हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, चावल कारोबारी नीरज साहू रोज की तरह अपने वाहन में चावल लेकर कंडेल से ग्राम नारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नारी पुल के पास अज्ञात हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमलावरों ने कारोबारी के गले और छाती समेत शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण नीरज साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कुरुद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।



