छत्तीसगढ़

बीजेपी दफ्तर में आज देर रात तक चलेगी बैठक..

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश सिंह आज दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार को भाजपा कार्यालय में देर रात तक महत्वपूर्ण बैठकें चलेंगी।

शिवप्रकाश सिंह मुंबई से दोपहर में रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 6 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठकों में संगठन को और मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण मंथन किया जा सकता है।

बुधवार को भी बैठकों का दौर जारी रहेगा। सुबह प्रदेश महामंत्रियों की बैठक होगी, जबकि दोपहर में प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठन की गतिविधियों और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पार्टी प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि इन बैठकों से आगामी दिनों के लिए पार्टी की रणनीति को नई दिशा मिल सकती है।

Leave a Reply

Back to top button