गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे ट्रैक पर उसका शव दो हिस्सों में मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक और युवती गुरुग्राम में रहकर नौकरी करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने पीजी (पेइंग गेस्ट) में मौजूद अपनी गर्लफ्रेंड पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी युवक वहां से निकल गया और कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के शव को पीजी से और युवक के शव को रेलवे ट्रैक से कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि हत्या और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस दोनों के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल इस घटना ने गुरुग्राम और भिलाई दोनों जगह लोगों को स्तब्ध कर दिया है।



