छत्तीसगढ़

कोयला घोटाले में बड़ा एक्शन: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल का बेटा वैभव हिरासत में..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कथित कोयला लेवी घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इस मामले में दर्ज एफआईआर में रामगोपाल अग्रवाल और वैभव अग्रवाल दोनों के नाम पहले से शामिल हैं। वहीं रामगोपाल अग्रवाल फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, EOW वैभव अग्रवाल से कोयला लेवी घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि हिरासत की निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले उन्हें विशेष EOW अदालत में पेश किया जा सकता है।

इस मामले पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि EOW सहित संबंधित जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पुराना मामला है और जिनके पास भी इससे जुड़ी जानकारी है, उन्हें जांच एजेंसियों के साथ साझा करना चाहिए।

गौरतलब है कि ED और EOW दोनों एजेंसियां कथित कोयला लेवी घोटाले की जांच कर रही हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच प्रति टन कोयले पर 25 रुपये की कथित अवैध वसूली की गई। आरोप है कि इस दौरान ऑनलाइन परमिट व्यवस्था को प्रभावित कर कोयला परिवहन से जुड़े कारोबारियों से अवैध लेवी वसूली गई।

जांच रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस कथित सिंडिकेट के जरिए लगभग 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली हुई। मामले में कारोबारी सूर्यकांत तिवारी और निलंबित उप सचिव सौम्या चौरसिया का नाम भी जांच के दौरान सामने आ चुका है। अब वैभव अग्रवाल से पूछताछ के बाद इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Back to top button