News

E-Challan के नाम पर नया साइबर फ्रॉड, एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट..

जगदलपुर। यदि आपके मोबाइल पर ई-चालान भरने का मैसेज आया है, तो बिना जांचे किसी भी लिंक पर क्लिक करने की गलती न करें। बस्तर में साइबर ठग फर्जी E-Challan लिंक भेजकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। मामलों के सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी SMS, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ई-चालान भुगतान का संदेश भेजते हैं। यह संदेश देखने में बिल्कुल सरकारी नोटिस जैसा लगता है, जिससे लोग आसानी से धोखे में आ जाते हैं।

मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही यूजर नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जहां वाहन नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड डिटेल और OTP जैसी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। जानकारी साझा करते ही साइबर ठग बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं।

कई मामलों में ठग भुगतान नहीं करने पर भारी जुर्माना, वाहन जब्ती या कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर लोगों पर मानसिक दबाव भी बनाते हैं। वहीं कुछ संदेशों में APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है, जिससे मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल हो सकता है और बैंकिंग जानकारी खतरे में पड़ सकती है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान का भुगतान केवल आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ही करें। किसी अज्ञात नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें, OTP या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध संदेश मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Back to top button