Newsछत्तीसगढ़

नकटी गांव विवाद पर सियासत तेज: एक और कांग्रेस विधायक ने विधायक आवास लेने से किया इनकार, CM साय को लिखा पत्र..

रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर सियासी घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव के बाद अब सरायपाली से कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव में बनने वाली विधायक कॉलोनी में सरकारी आवास लेने से इनकार कर दिया है।

विधायक चातुरी नंद ने अपने पत्र में कहा कि बारिश के मौसम में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें बेघर करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से अपील की कि नवा रायपुर में उपलब्ध शासकीय भूमि पर आधुनिक और सुव्यवस्थित विधायक कॉलोनी विकसित की जाए, ताकि किसी गरीब परिवार को अपना आशियाना न खोना पड़े।

उन्होंने मुख्यमंत्री से नकटी गांव में चल रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही विधायक कॉलोनी के लिए नवा रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन करने का सुझाव भी दिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले बिंद्रानवागढ़ से कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव में विधायक कॉलोनी बनाने का विरोध जता चुके हैं। लगातार दूसरे कांग्रेस विधायक के विरोध के बाद यह मामला अब राजनीतिक रूप से और अधिक गरमा गया है।

नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर पहले ही राजनीतिक दलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद बना हुआ है। ऐसे में विधायक कॉलोनी को लेकर उठ रहे सवालों ने इस मुद्दे को प्रदेश की राजनीति के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Back to top button