दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने के आरोप में दो सब इंस्पेक्टरों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। आरोपी को छोड़ने के एवज में पैसे मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी विजय अग्रवाल ने तत्काल एक्शन लेते हुए दोनों पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
निलंबित अधिकारियों में भिलाई थाने में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने में तैनात उप निरीक्षक देव लाल साहू शामिल हैं। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी को छोड़ने के बदले रुपए मांगने का आरोप लगा है।
ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया है। साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा को पूरे मामले की जांच सौंपते हुए तीन दिनों में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
वायरल ऑडियो में दोनों अधिकारियों का आचरण विभागीय मर्यादा के खिलाफ पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।



