रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1200 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है। कार्रवाई में कारोबारी अनवर ढेबर से जुड़ी ढेबर सिटी और गोवा स्थित वेस्टिन होटल समेत कई अचल संपत्तियां शामिल हैं।
ED ने 28 मई को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत तीन अस्थायी कुर्की आदेश जारी किए। जांच एजेंसी के अनुसार, 2019 से 2023 के बीच सक्रिय शराब सिंडिकेट ने आबकारी व्यवस्था में हेरफेर कर 2883 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की।
ED का दावा है कि सिंडिकेट का संचालन अनवर ढेबर और रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा के नेतृत्व में किया जा रहा था। कार्रवाई के तहत रायपुर की कई जमीनों, बेनामी संपत्तियों, बैंक खातों, शेयरों और म्यूचुअल फंड्स को अटैच किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि उत्तर गोवा के अंजुना स्थित प्रीमियम वेस्टिन गोवा होटल को कथित तौर पर शराब घोटाले से अर्जित रकम से खरीदा गया था। वहीं, ED ने ओम साई बेवरेजेस, दिशिता वेंचर्स और नेक्सजेन पावर इंजीटेक प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते और निवेश भी जब्त किए हैं।
मामले में ED ने चार नए आरोपियों को शामिल किया है, जिसके बाद PMLA केस में आरोपियों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है।



