बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंच से ही जिला प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और मंत्रिमंडल की मौजूदगी में उन्होंने कलेक्टर और एसपी की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यक्रम मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं था।
रविवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 24 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनमें भाजपा विधायक दीपेश साहू भी शामिल रहे। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित कई मंत्री मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था और स्वागत व्यवस्था को लेकर नाराज डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का पीछे से स्वागत कराया गया, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ढाई घंटे में भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया। अपने 15 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी।
डॉ. सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इतने बड़े वीवीआईपी कार्यक्रम में लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस समारोह में विधायक दीपेश साहू ने तरुणा साहू के साथ सामूहिक विवाह में सात फेरे लिए। बारात बैलगाड़ी से आयोजन स्थल पहुंची, जिसे उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वयं हांककर कार्यक्रम को खास बना दिया।



