छत्तीसगढ़

NEET पेपर लीक पर भूपेश बघेल का बड़ा हमला, बोले- ‘गृह मंत्रालय निकम्मा’, भाजपा से भी छिड़ी जुबानी जंग..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव Bhupesh Baghel ने नीट पेपर लीक मामले और परीक्षा में वायुसेना के इस्तेमाल की खबरों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली रवाना होने से पहले किए गए अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय और मानव संसाधन मंत्रालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

भूपेश बघेल ने कहा कि भारत सरकार ने खुद मान लिया है कि गृह मंत्रालय निकम्मा साबित हो चुका है और उन्हें राज्यों की पुलिस पर भरोसा नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि सेना का उपयोग देश की सुरक्षा के लिए होता है, लेकिन सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं का समाधान कहीं और तलाश रही है।

उन्होंने एनटीए डायरेक्टर को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी गंभीर घटना के बावजूद संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उन्हें प्रमुख सचिव बनाकर पद पर बनाए रखा गया है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा ने भी एक्स पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर हमला बोला। कर्नाटक में डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाओं के बीच छत्तीसगढ़ भाजपा ने टीएस सिंहदेव को लेकर कांग्रेस हाईकमान पर तंज कसा। भाजपा ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में ढाई-ढाई साल के फार्मूले के बावजूद टीएस बाबा के साथ धोखा हुआ।

इस पर जवाब देते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा के आरोपों को भ्रम फैलाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने जो जिम्मेदारी दी, उसे उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया। बघेल ने स्पष्ट किया कि उन्हें कभी ढाई साल के कार्यकाल का कोई निर्देश नहीं मिला था और हाईकमान जिस दिन कहता, वह इस्तीफा देने के लिए तैयार रहते।

Leave a Reply

Back to top button