जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोदाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खिखिर टोली गांव में एक घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में गांजा और गांजे के पौधे बरामद किए हैं। मामले में आरोपी विजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक लोदाम थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है और सूखा गांजा भी रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 40 नग गांजा के पौधे बरामद किए। इसके अलावा करीब 3 किलो 646 ग्राम सूखा गांजा भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा और पौधों की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
डॉ. लाल उमेंद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



