छत्तीसगढ़

बालोद में बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार से 65 लाख कैश जब्त..

बालोद। जिले में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को भी हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक पुरूर थाना क्षेत्र में एनएच-30 के ग्राम मरकोटोला के पास नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान केशकाल से बालोद की ओर आ रही सफेद रंग की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर 500-500 रुपये के नोटों के बंडल मिले।

पुलिस ने तहसीलदार और बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में नोटों की गिनती कराई, जिसमें कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान कार सवार युवक नगदी से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि यह रकम किसी जमीन कारोबारी की हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है और आगे की जांच आईटी विभाग द्वारा की जा रही है।

डीएसपी माया शर्मा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो युवकों को पकड़ा गया है और कैश से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button