छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम अर्जुनी में तालाब में डूबने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, अशोक रात्रे की बेटियां मुस्कान (9 वर्ष) और श्रुति (8 वर्ष) गुरुवार दोपहर अपनी दादी के साथ गांव के स्कूल के पास स्थित तालाब पर गई थीं। दादी तालाब किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि दोनों बच्चियां पास में खेल रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बहनें गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
कुछ देर बाद जब दादी की नजर बच्चियों पर नहीं पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



