रायपुर। कोयला घोटाले के मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई करते हुए उनकी करीब 4 करोड़ रुपये की 9 अचल संपत्तियों को अटैच कर लिया है।
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कोयला लेवी स्कैम में विश्नोई की 5 अचल संपत्तियों को प्रोविजनल अटैच कर चुका है।
EOW ने राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के अपराध क्रमांक 23/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि समीर विश्नोई ने अपने परिवार के सदस्यों और विभिन्न फर्मों के नाम पर करोड़ों रुपये की अवैध अचल संपत्तियां अर्जित की हैं।
ब्यूरो की जांच में इन 9 अतिरिक्त संपत्तियों का पता चला, जिसके बाद विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में अटैचमेंट के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। 17 अप्रैल 2026 को न्यायालय ने सुनवाई के बाद सभी संपत्तियों को अटैच करने का आदेश जारी कर दिया।
प्रोविजनल अटैचमेंट आदेश जारी होने के बाद अब इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक लग गई है।
इस कार्रवाई को प्रशासनिक हलकों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले सौम्या चौरसिया के खिलाफ भी इसी तरह की संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जा चुकी है।
फिलहाल, इस मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जांच जारी है और आगे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



