जगदलपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने सनसनी फैला दी। पहले हादसे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरे हादसे में नेशनल हाईवे-30 पर बस और ट्रक की टक्कर में 12 यात्री घायल हो गए।
जामगुड़ा गांव निवासी सुखनाथ कश्यप अपनी पत्नी के साथ बाइक से किसी काम से जगदलपुर जा रहे थे। इसी दौरान आसना गांव के पास रायपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपति सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इधर, केशकाल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर खालेमुरवेंड के पास बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें बस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



