छत्तीसगढ़

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कारवाई, रायपुर एयरपोर्ट पर ऑन-ड्यूटी बाबा बागेश्वर का पैर छुने वाले TI की छुट्टी..

रायपुर।छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट (Raipur Airport) पहुंचे कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री (Dhirendra Shastri) के एक पुलिसकर्मी ने पैर छुए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिसकर्मी उस समय ऑनड्यूटी तैनात था और पैर छूने से पहले उन्होंने जूते उतार दिए थे। पुलिसकर्मी टीआई मनीष तिवारी बताया जा रहा है। वीडियो के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्यूटी के दौरान एक थाना प्रभारी द्वारा धार्मिक आस्था का सार्वजनिक प्रदर्शन करना अब प्रशासनिक कार्रवाई का कारण बन गया है। सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे TI मनीष तिवारी ने पहले उन्हें सलामी दी और इसके बाद सार्वजनिक रूप से उनके पैर छू लिए। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद रायपुर SSP लाल उमेद सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस विभाग के सेवा नियमों और आचार संहिता के अनुसार, ड्यूटी के दौरान वर्दीधारी अधिकारी को पूर्णत: निष्पक्ष, तटस्थ और मर्यादित आचरण का पालन करना होता है। किसी भी धार्मिक, राजनीतिक या व्यक्तिगत आस्था का सार्वजनिक प्रदर्शन ड्यूटी के समय वर्दी में करना नियमों के विरुद्ध माना जाता है। इसी आधार पर TI मनीष तिवारी को लाइन अटैच कर दिया गया है।

विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा, चाहे मामला कितना ही संवेदनशील या चर्चित क्यों न हो।

Leave a Reply

Back to top button