जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे ओडिशा के नक्सल प्रभावित कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चाकापाड़ थाना क्षेत्र में चलाए गए बड़ी एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। जिसमें जवानों ने 5 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों के शव समेत हथियार बरामद कर लिए गए हैं। इनमें 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं। मृत नक्सलियों में कुछ छत्तीसगढ़ के नक्सली भी बताए जा रहे हैं।
मुठभेड़ में मारा गया नक्सली कमांडर
मुठभेड़ में नक्सल कमांडर गणेश उईके मारा गया। जिसे उड़ीसा के स्पेशल फोर्स SOG, सीआरपीएफ और बीएसएफ़ की संयुक्त टीमों ने ढेर किया। नक्सल कमांडर ओड़िसा के कंधमाल जिले के गंजम जिले के जंगल से लगे राम्पा के जंगल में मारा गया।
नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने का ऑपरेशन
इस पूरे अभियान की निगरानी DIG ऑपरेशन IPS अखिलेश्वर सिंह और कंधमाल एसपी स्वयं कर रहे हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, ताकि किसी भी अन्य नक्सली की मौजूदगी को पूरी तरह खत्म किया जा सके। यह कार्रवाई नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है और आने वाले दिनों में ऐसे और ऑपरेशन जारी रहेंगे।



