भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंद्रा-मौर्या टॉकीज के पास सड़क किनारे नाले में एक बोरे के भीतर अज्ञात महिला की लाश मिली। बोरे से तेज दुर्गंध आने पर राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने बोरे की रस्सी खोलकर देखा तो उसमें एक अज्ञात महिला का शव मिला। जो 3-4 दिन पुराना बताया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई-दुर्ग शहर सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव, क्राइम प्रभारी प्रमोद रुसिया तथा फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि मौत के कारणों और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।



