छत्तीसगढ़

स्कूल के बाथरूम में मिली ई- रिक्शा चालक की लाश, हत्यारों ने सिर को पत्थर से कुचल कर की हत्या..

बिलासपुर। स्वामी आत्मानंद स्कूल के बाथरूम में एक ई- रिक्शा चालक की खून से लथपथ लाश मिली है। उसके सिर को पत्थर से कुचल कर हत्या की गई है। वह रात में ई- रिक्शा चलाने निकला था। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है।

लिंगियाडीह राजकिशोर नगर निवासी सत्यनारायण यादव (36) किराए के मकान में घर से अलग अकेले रहता था। वह ई रिक्शा चलाता था। मंगलवार की सुबह चिंगराजपारा के अमरैया चौक स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के अंदर बाथरूम में उसकी खून से लथपथ लाश पड़ी थी, जिसे देखकर लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

स्कूल परिसर में खड़ी थी ई-रिक्शा

आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने युवक की पहचान ई रिक्शा चालक के रूप में की, जिसके बाद उसके परिजन को बुलाया गया। घटनास्थल के पास ही उसकी ई रिक्शा भी मिली है। बताया जा रहा है कि वह रात में ई रिक्शा चलाने निकला था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सत्यनारायण यहां कैसे पहुंचा। रात में आखिरी बार वह किन लोगों के साथ था।

Leave a Reply

Back to top button