छत्तीसगढ़

CG- रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग,समेत पांच रेंज में खुलेगा साइबर थाना..TI सहित 13 पुलिसकर्मी की नियुक्ति..ऑनलाइन ठगी से जुड़े केस होंगे दर्ज..

रायपुर:  राजधानी रायपुर, बिलासपुर समेत पांच रेंज में साइबर थाने की शुरुआत की जा रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू इन थानों का उद्घाटन करेंगे। पुलिस विभाग में थानों के लिए टीआई समेत 13 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें पुलिसकर्मी एंटी साइबर एंड क्राइम यूनिट की टीम से हैं।

छत्तीसगढ़ की जनता को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नए साइबर थानों की सौगात देंगे। एक साथ प्रदेश के सभी पांच रेंज में थाना खोलने के लिए तैयारी की गई है। जहां साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े केस दर्ज किए जाएंगे और जांच भी की जाएगी। बिलासपुर रेंज के साइबर थाने का बुधवार को एसपी संतोष कुमार सिंह ने निरीक्षण भी किया और जरुरी दिशा-निर्देश दिए। बिलासपुर रेंज के साइबर थाने का प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज नायक को बनाया गया है।

एसआई अजय वारे सहित रेंज के अलग-अलग जिले के 12 स्टाफ की भी पोस्टिंग साइबर थाने में की गई है। कुछ समय पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बढ़ते साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए प्रदेश के रेंज रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर में एक-एक रेंजस्तरीय साइबर थाना खोलने की घोषणा की थी। जिसके बाद गुरुवार को रेंज मुख्यालयों में एक-एक साइबर थानों का उद्घाटन किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद रेंज में साइबर थाने के लिए जगह तय कर ली गई है। थाने में 13 स्टाफ की पोस्टिंग भी कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने इन साइबर थानों को पुलिस के सिटीजन पोर्टल वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया है। बुधवार को एसपी संतोष कुमार सिंह ने व्यापार विहार स्थित एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) की बिल्डिंग का निरीक्षण किया, जहां पर बिलासपुर रेंज का साइबर थाना बनाया जा रहा है। इस दौरान एसपी ने सारे सेटअप की जानकारी ली।

पूरा सिस्टम रहेगा अलग, साइबर यूनिट खुद करेगी कार्रवाई
साइबर क्राइम से जुड़े अपराधों की शिकायत जांच और केस दर्ज करने से लेकर आगे की पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी साइबर थाने की टीम ही करेगी। पुलिस में अभी एसीसीयू की बिल्डिंग में ही कुछ दिनों तक साइबर थाना चलेगा। क्योंकि, तारबाहर थाना परिसर में बने आईटीएमएस की बिल्डिंग में साइबर थाने का सेटअप पूरी तरह से तैयार नहीं हो सका है। इस वजह से अभी साइबर थाने को एसीसीयू की बिल्डिंग से ही ऑपरेट करना पड़ेगा। दूसरी ओर इस साइबर थाने के लिए नोडल अधिकारी के रूप में सीएसपी संदीप पटेल (आईपीएस) को बनाया गया है।

रेंज के साइबर थाना में रेंज के सभी जिले के स्टाफ को पदस्थ किया गया है। सीएसपी और आईपीएस संदीप पटेल इसके नोडल अधिकारी होंगे। इसके साथ ही निरीक्षक मनोज नायक को साइबर थाने का प्रभारी बनाया गया है। इनके साथ एसआई अजय वारे की भी पोस्टिंग साइबर थाने में की गई है। इसी तरह सक्ति जिले के एएसआई सुरेश पाठक, हवलदार लक्ष्मीकांत जायसवाल, रायगढ़ जिले के हवलदार दिग्विजयदास वैष्णव, सारंगढ़- बिलाईगढ़ के हवलदार सैय्यद साजिद, जांजगीर-चांपा के हवलदार टीकाराम प्रधान, कोरबा के हवलदार चक्रधर राठौर, बिलासपुर के आरक्षक श्रीश तिवारी, आरक्षक विजेंद्र सिंह मरकाम, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के आरक्षक दिलेश्वर नेताम, कोरबा के आरक्षक रितेश शर्मा, और मुंगेली जिले के आरक्षक दीपक कौशिक की साइबर थाने में पोस्टिंग की गई है।

Leave a Reply

Back to top button