
जांजगीर-चांपा
पीथमपुर गांव में चल रहे मेले में दुकानदार के बेटे ने 2 युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें नीरज सिंह नाम के युवक के पेट पर चाकू लगा है, वही शैलेंद्र सिंह नाम के युवक के बाएं हाथ की हथेली में चाकू लगा है। मामला सिटी कोतवाली जांजगीर क्षेत्र का है।
बताया जा रहा कि सोमवार रात करीब 8.45 बजे सूचना मिली कि पीथमपुर मेले में एक दुकानदार के बेटे ने 2 युवकों पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। यहां मुलमुला निवासी नीरज सिंह और शैलेंद्र सिंह (25 वर्ष) दोनों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।नीरज की गंभीर हालत को देखकर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग अपने घर से शाम करीब 6.30 बजे पीथमपुर के लिए निकले थे। मेले में पहुंचकर वे घूम रहे थे। एक दुकान में उसकी भाभी को चूड़ी पसंद आई। चूड़ी का दाम पूछने पर दुकानदार ने उसकी कीमत 200 रुपए बताई। इसके बाद उन्होंने दुकानदार से दाम कम करने को कहा, लेकिन दुकानदार नहीं माना, जिस पर वे चूड़ी लिए बिना ही जाने लगे।
शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस पर दुकानदार का 20 साल का बेटा आक्रोशित होकर दुकान के अंदर से बाहर निकला और अपने पास रखे बटनदार चाकू से उस पर और उसके ममेरे भाई नीरज पर हमला कर दिया। नीरज के पेट पर उसने चाकू से 2 वार किए, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका काफी खून भी निकलने लगा। जब उसने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उसके हाथ पर भी आरोपी ने वार कर दिया।
इस मामले में दुकान संचालक और उसके बेटे के खिलाफ सिटी कोतवाली जांजगीर में आईपीसी की धारा 323, 506B, 307 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



